ऑनलाइन गेम का असर? दिल्ली में छात्र की आत्महत्या से उठे गंभीर सवाल

Amit
2 Min Read

दिल्ली – निहाल विहार क्षेत्र में एक आठ वर्षीय छात्र की फंदे से लटकी हुई लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्चा अपने माता-पिता की गैरमौजूदगी में घर पर अकेला था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चा लंबे समय से मोबाइल फोन पर गेमिंग कर रहा था। उसके मोबाइल में पबजी जैसा ऑनलाइन गेम और यूट्यूब की गतिविधियों के संकेत मिले हैं।

घटना के समय माता-पिता काम पर गए हुए थे। शाम को लौटने पर पिता लक्ष्मण खींची को पड़ोसियों ने सूचना दी कि उनका बेटा सोनू घर के अंदर फंदे से लटका मिला है। एक पड़ोसी महिला ने सबसे पहले बच्चे को इस हालत में देखा और अन्य लोगों को बताया।

हालांकि, परिवार ने बच्चे की मौत को लेकर संदेह जताया है और हत्या की आशंका व्यक्त की है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी तरह की चोट या हिंसा के निशान नहीं मिले हैं, और फिलहाल इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा के अनुसार, बच्चे के पास अलग से मोबाइल फोन था, जिसमें गेमिंग ऐप्स और यूट्यूब की मौजूदगी पाई गई है। बताया जा रहा है कि बच्चा दिन में 8 से 11 घंटे तक मोबाइल पर समय बिताता था

फोन की तकनीकी जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं किसी गेमिंग एप या ऑनलाइन लेन-देन ने इस घटना को प्रभावित तो नहीं किया।

Share This Article
Leave a Comment