ग्रेटर नोएडा। आप कार चला रहे हों और अचानक मोबाइल फोन पर एक ऐसा मैसेज आए, जिसमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के आरोप में 1000 रुपये का चालान काटे जाने की जानकारी मिले, तो जाहिर है कि आप भी हैरान रह जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा की एक महिला वकील ने इंटरनेट मीडिया पर कुछ ऐसा ही स्क्रीनशाॅट साझा किया है। उन्होंने दावा किया है कि उनके भाई का कार चलाते समय बिना हेलमेट के लिए चालान काट दिया गया।
मोबाइल पर आया मैसेज तो उड़े होश
ग्रेटर नोएडा निवासी वकील सरिता कसाना, जो जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करती हैं, ने चालान से संबंधित स्क्रीनशाॅट इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया है। उनके भाई के मोबाइल फोन पर कमिश्नरेट पुलिस के सीसीटीवी ट्रैफिक इंफार्मेशन सेल की ओर से चालान भेजा गया।
बिना हेलमेट कार चलाने का आरोप
चालान की कॉपी 30 मई 2026 की है। इसमें चालान का स्थान नोएडा का सेक्टर-76 और समय शाम 6:17 बजे दर्ज है। चालान में बिना हेलमेट वाहन चलाने की बात कही गई है।
वकील का कहना है कि उनके भाई के पास सिर्फ कार है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से उचित कार्रवाई की अपील की है।
