नई दिल्ली – नेताजी सुभाष प्लेस इलाके में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक केमिकल कंपनी के कर्मचारी से करीब 25 लाख रुपये छीन लिए। बताया जा रहा है कि कर्मचारी कारोबारी से नकदी लेकर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कंपनी में कार्यरत कर्मचारी शुक्रवार शाम भुगतान लेकर दफ्तर लौट रहा था। जैसे ही वह नेताजी फ्लाइओवर के पास पहुंचा, दो बाइक सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को रोक लिया। बदमाशों ने उसे डराने के लिए हवाई फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देकर नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि हमलावर हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनके चेहरे की पहचान नहीं हो सकी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही कर्मचारी पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।

