
नोएडा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अगस्त 2024 में मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने के आरोपों का संज्ञान लेकर जिला अस्पताल के दो डॉक्टरों पर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। मरीज ने दोनों चिकित्साधिकारियों की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में भी की थी।
सूत्र बताते हैं कि आयाेग की ओर से कराई जांच में नोएडॉ पुलिस ने भी अपनी रिपोर्ट दी थी। दोनों डॉक्टरों पर विभागीय जांच के आदेश पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने पत्र मिलने पर जांच कराने की बात कही है।
लापरवाही बरतने पर विभाग जांच कराने का आदेश
लखनऊ में देर शाम डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने चिकित्साधिकारी डॉ. असद महमूद और डॉ. अरविंद मलिक पर मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने पर विभाग जांच कराने का आदेश दिया। अस्पताल के सूत्र बताते हैं कि अगस्त 2024 में नोएडा के ही एक व्यक्ति अपनी बीमारी का इलाज कराने आइसीयू में पहुंचे थे।
वहां कई घंटे इंतजार के बावजूद डॉक्टरों ने उनकी कोई बात नहीं सुनी। समय पर इलाज न होने से मरीज की स्थिति गंभीर हो गई थी। स्वजनों ने लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर हंगामा किया, तो तत्कालीन अधिकारियों ने स्वजनों को बहला-फुसलाकर घर भेज दिया, लेकिन मरीज ने इसकी शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में दे दी।
अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेकर प्रबंधन से जवाब तलब भी किया
अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेकर प्रबंधन से जवाब तलब भी किया था। इसी जांच के आधार पर स्थानीय पुलिस ने भी अपनी रिपोर्ट लगाकर शासन में भेजी थी। अब डिप्टी सीएम ने दोनों के खिलाफ विभागीय जांच करने के आदेश दिए हैं। सूत्र भी यह बताते हैं कि चिकित्साधिकारियों की जांच मेरठ मंडल कमिश्नर को दी गई है।
सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा का कहना है कि डिप्टी सीएम ने जांच के आदेश दिए हैं। उसकी कापी अभी मिली नहीं है। शासन का पत्र मिलने पर तत्काल समिति बनाकर जांच कराई जाएगी।
चिकित्साधिकारी डॉ. असद महमूद का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उच्च अधिकारियों से निर्देश प्राप्त होने पर आगे काम किया जाएगा।
मुझे जांच के आदेश जारी होने की जानकारी नहीं: डॉ. अरविंद मलिक
चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद मलिक का कहना है कि मुझे विभागीय जांच के आदेश जारी होने की जानकारी नहीं है। मैं समय से अस्पताल जाकर मरीजों का इलाज करता हूं। कुछ महीने पहले किडनी ट्रांसप्लांट के लिए मेडिकल छुट्टी लेकर गया था। संभवत: मेरा नाम गलती से लिया गया होगा। अस्पताल में अरविंद नाम के कई चिकित्सक हैं।
