गाड़ी रोकी, मारा-पीटा, गला दबाया… लखनऊ में जज की हत्या की कोशिश

Rohit Kumar
2 Min Read

लखनऊ के पॉश इलाके डालीबाग में मंगलवार देर शाम गाड़ी में टक्कर मारकर कार सवार ने जज को घसीटकर बाहर निकाला। उनसे मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। जज के अर्दली ने किसी तरह से उनको बचाया। बुधवार शाम को जज की तहरीर पर हजरतगंज पुसिल ने कार नंबर के आधार पर हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की। आरोपी की तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं।

बटलर पैलेस में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट आशुतोष कुमार सिंह का आवास है। तहरीर के मुताबिक मंगलवार देर शाम करीब 7:40 बजे वह घर से अपनी गाड़ी से निकले थे। उनके साथ उनका अर्दली गौरव वर्मा भी था। वह नेहा त्रिपाठी सैलून के सामने पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से आ रही एक बलेनो कार ने उनकी गाड़ी में बायीं तरफ से टक्कर मार दी। फिर कार सवार ने उनको रुकवाया। गाली गलौज करते हुए कॉलर पकड़कर बाहर खींच लिया। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। गौरव ने किसी तरह से उनको बचाया। जिसके बाद युवक अपनी कार से भाग निकला। बुधवार देर शाम पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

गुलनार खान के नाम पर है कार

जज ने तहरीर में कार नंबर लिखा है। जिसका नंबर यूपी 32 एनडब्ल्यू 1748 है। इस बलेनो कार का जब ब्योरा निकाला गया तो पता चला कि कार गुलनार खान के नाम पर रजिस्टर्ड है। जो कि निरालानगर डालीगंज निवासी हैं।

तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। गाड़ी टकराने के बाद विवाद हुआ था। जिसके बाद घटना हुई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कार नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। – अपर्णा रजत कौशिक, डीसीपी सेंट्रल

Share This Article
Leave a Comment