गाजियाबाद में पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों की गुंडई:तेल भरवाने आए कार सवार युवक को डंडे-बेल्ट से पीटा, सुरक्षाकर्मी ने की हवाई फायरिंग

Rohit Kumar
2 Min Read

गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पंप कर्मचारियों द्वारा कार सवार एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि पेटीएम करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान पेट्रोल पंप के सुरक्षा कर्मी ने हवाई फायरिंग भी की।

घटना का पूरा वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पेट्रोल पंप के कर्मचारी कार सवार युवक को लात-घूंसे और डंडे से मारते दिखाई दे रहे हैं। युवक भी उनके साथ मारपीट करता दिखाई पड़ रहा है। इसी बीच पंप के सुरक्षा कर्मी ने हवाई फायरिंग भी की। जिसके बाद युवक अपनी कार लेकर वहां से भाग निकला।

वीडियो की जांच करने के बाद पुलिस का कहना है कि यह हापुड़ मोड़ स्थित शिवा पेट्रोल पंप का है। वहां शनिवार रात को कार सवार युवक तेल भरवाने आया था। तेल लेने के बाद उसने पेटीएम से पेमेंट कर दी। लेकिन पंपकर्मी के पास उसका मैसेज नहीं आया।

इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इस कहासुनी में कार सवार ने पंप के गार्ड से डंडा छीनकर पंप कर्मचारी को मार दिया। शुरुआत में युवक ने मारपीट की और फिर बाद में पंप के सभी कर्मचारी एकजुट होकर युवक के साथ मारपीट करने लगे। पुलिस का कहना है कि माहौल बिगड़ते देख गार्ड ने हवाई फायरिंग की।

नगर कोतवाली प्रभारी अमित कुमार खारी का कहना है कि जांच में दोनों पक्षों की गलती सामने आई है। घटना के बाद किसी भी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की। अगर कोई शिकायत आती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment