ग्रेटर नोएडा में जमकर गरजा बुलडोजर, 40 हजार वर्ग गज जमीन कब्जा मुक्त; एक चेतावनी

Rohit Kumar
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। बिसरख, जलपुरा, हैबतपुर आदि क्षेत्र में प्राधिकरण की जमीन पर कालोनाइजर द्वारा अतिक्रमण कर प्लाट काटने के मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया जा रहा था। प्राधिकरण ने खबर का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसी कड़ी में बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिसरख के पास हरनंदी नदी के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई में 40 हजार वर्ग मीटर से अधिक जमीन खाली कराई गई। प्राधिकरण के ओएसडी हिमांशु वर्मा ने बताया कि कुछ कालोनाइजर बिसरख के डूब क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे।

पांच घंटे तक चली यह कार्रवाई 

वर्क सर्किल तीन के प्रबंधक प्रशांत समाधिया और सहायक प्रबंधक गौरव बघेल के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को मौके पर जाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। करीब पांच घंटे तक यह कार्रवाई चली। खसरा नंबर 112, 113, 116, 123 व 124 की लगभग 40 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग ने चेतावनी दी है कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति ने अवैध कब्जे की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कालोनाइजर के झांसे में न आएं

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि ने लोगों से अपील की है कि इन कालोनाइजर के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

Share This Article
Leave a Comment