दक्षिणी दिल्ली। कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र स्थित मदनपुर खादर में पुरानी रंजिश में बदमाशों ने रोहित नामक युवक पर दो राउंड फायरिंग की। जेजे कालोनी में बबलू डेरी के पास हुई घटना में युवक के दाहिने हाथ के पंजे में गोली लगी।
पुलिस ने घायल की शिकायत पर केस दर्ज कर मुख्य आरोपित भूपेंद्र उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मोनू, दीपक भगत और रवि सहित अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक तीन सितंबर को कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर टीम घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में रोहित और तरुण उर्फ रंजन मौजूद मिले। तरुण इलाके का घोषित बदमाश (बीसी) है।
तीखी बहस हुई, फिर आई गोलियों की आवाज
वारदात की पुष्टि पास के दुकानदार ने की। उसने पुलिस को बताया कि वहां कुछ लोगों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद गोलियां चलने की आवाज आई। जांच के दौरान पुलिस ने हमलावरों की पहचान भूपेंद्र उर्फ गुड्डू उर्फ ढोलवाला, मोनू, दीपक भगत और रवि उर्फ बाबा के रूप में की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गोविंदपुरी निवासी रोहित धोबी और दीपक के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश है, जिसके चलते आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया। सुनियोजित हमले को देखते हुए पुलिस ने एफआइआर में आपराधिक साजिश की भी धारा जोड़ दी है।
