प्राधिकरण ने गुलिस्तानपुर के पंचायतघर को अवैध कब्जे से मुक्त कराया

Rohit Kumar
2 Min Read

–कुछ लोग पंचायत घर के कमरों में अवैध कब्जा कर रह रहे थे
–ऐच्छर के मुख्य मार्ग को भी रेहड़ी-पटरी वालों से खाली कराया

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार को गुलिस्तानपुर के पंचायत घर को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। पंचायत घर में बने कमरों में कुछ लोग अवैध रूप से कब्जा करके रह रहे थे। प्राधिकरण के वर्क सर्किल पांच की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में उसे खाली कराया। वहीं, ऐच्छर की मुख्य रोड पर खड़े होने वाले रेहड़ी-पटरी वालों को भी हटा दिया गया है।
प्राधिकरण के प्रभारी जीएम प्रोजेक्ट सलिल यादव ने बताया कि बताया कि पंचायतघर व सरकारी स्कूल एक साथ बने हुए हैं। उनके बीच कोई बाउंड्रीवॉल भी नहीं हैं। असामाजिक तत्वों के स्कूल में आने की भी शिकायत मिल रही थी। वर्क सर्किल पांच के प्रबंधक विजय कुमार वाजपेई और सहायक प्रबंधक मनोज कुमार व अन्य स्टाफ की टीम ने शुक्रवार को पंचायतघर को खाली करा दिया। वहीं, ऐच्छर के मुख्य मार्ग पर भी रेहड़ी-पटरी वालों ने कब्जा कर रखा था, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी। रेहड़ी-पटरी को हटा दिया गया है। रोड किनारे न खड़े होने की चेतावनी दी गई है। सलिल यादव ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। हर वर्क सर्किल के इंजीनियर को अपने एरिया में नजर रखने और अतिक्रमण दिखने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a Comment