ग्रेटर नोएडा। क्राइम ब्रांच दिल्ली, सीडीएससीओ नार्थ जोन और जिला औषधि विभाग गौतमबुद्ध नगर की संयुक्त टीम ने 20-21 जुलाई की मध्यरात्रि में नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी में छापेमारी कर करीब दो करोड़ रुपये कीमत की कैंसर रोधी और अन्य जैविक दवाएं बरामद की हैं।
इस दौरान फ्लैट में दवाओं को अवैध रूप से रखे जाने के आरोप में एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।
जिला औषधि निरीक्षक जयसिंह ने बताया कि दिल्ली में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि सोसायटी के ब्लाक में फ्लैट नंबर-402 में प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा रखा गया है। सूचना के आधार पर तीनों विभागों की टीम ने संयुक्त रूप से फ्लैट पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान वहां से कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली महंगी और आयातित जैविक दवाएं मिलीं। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ये दवाएं बिहार सरकार द्वारा आपूर्ति की जाती हैं। उन्होंने बताया कि बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ रुपये है।
दिल्ली के रैकेट से जुड़ा है गिरोह
मौके से आनंद कुमार नाम के युवक को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह दिल्ली में पहले से चल रहे एक बड़े रैकेट से जुड़ा है। इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें 9 लोग पहले ही दिल्ली में पकड़े जा चुके थे, जबकि आज की कार्रवाई में 10वीं गिरफ्तारी नोएडा से हुई है।
उन्होंने बताया कि बरामद दवाओं को सील कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने के लिए एक टीम हैदराबाद के लिए रवाना की गई है।
आशंका है कि दवाओं को सरकारी सप्लाई से इधर-उधर कर ऊंचे दामों पर निजी मरीजों को बेचा जा रहा था। फिलहाल गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है। टीम अन्य ठिकानों पर भी दबिश की तैयारी कर रही है।

