रिवर हाइट्स एओए में पांच करोड़ की वित्तीय अनियमितता का आरोप

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित रिवर हाइट्स सोसायटी में एओए के वित्तीय मामलों और चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। पूर्व एओए सचिव डॉ. ऋतु चौधरी ने वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक के खातों की वैधानिक आडिट रिपोर्ट के आधार पर करीब पांच करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है।

पूर्व सचिव का दावा है कि रिपोर्ट में करीब 2.96 करोड़ रुपये का पर्याप्त दस्तावेजों के बिना नकद भुगतान, सेल्फ चेक के माध्यम से 47.68 लाख रुपये की निकासी, आइएफएमएस निधि से 1.77 करोड़ रुपये के खर्च, खातों में 8.22 लाख रुपये का अंतर तथा सोसायटी की साझा संपत्तियां बाजार दर से कम किराये पर देने जैसी अनियमितताओं का उल्लेख है।

चुनाव को निरस्त कर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग

उन्होंने जिलाधिकारी, डिप्टी रजिस्ट्रार, जीएसटी और आयकर विभाग समेत विभिन्न अधिकारियों से शिकायत कर जांच, एफआइआर दर्ज करने, बैंक खाते फ्रीज करने तथा 21 जून को हुए एओए चुनाव को निरस्त कर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की है। वहीं, वर्तमान एओए अध्यक्ष सुबोध त्यागी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

उन्होंने कहा कि फोरेंसिक आडिट रिपोर्ट किसी सक्षम प्राधिकारी का अंतिम निर्णय नहीं है और इसकी विश्वसनीयता पर सवाल हैं, क्योंकि कई मूल अभिलेख उपलब्ध नहीं थे। उनका आरोप है कि पूर्व कार्यकारिणी द्वारा रिकार्ड उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे जांच प्रभावित हुई।

उन्होंने कहा कि आइएफएमएस मद में हुए खर्च का वैध समझौता उपलब्ध है और चुनाव पूरी प्रक्रिया के तहत संपन्न कराए गए। उनके अनुसार शिकायतें चुनावी हार के बाद व्यक्तिगत द्वेषवश की जा रही हैं।

Share This Article
Leave a Comment