मेंटेनेंस विवाद में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी में बंद हुईं सभी लिफ्ट, निवासियों का हंगामा

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर एक स्थित विहान ग्रींस सोसायटी के मेंटेनेंस प्रबंधन और सोसायटी निवासियों के बीच मंगलवार को विवाद गहरा गया। मेंटेनेंस टीम ने सोसायटी वासियों पर मेंटेनेंस शुल्क नहीं जमा करने का आरोप लगाते हुए सभी लिफ्ट बंद कर दी। वहीं, निवासियों के विरोध जताने पर विवाद बढ़ गया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत कराया।

समस्याएं जस की तस

सोसायटी में बीते आठ माह से मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाए जाने को लेकर मेंटेनेंस प्रबंधन और सोसायटी निवासियों में विवाद चल रहा है। निवासी दिनेश, विकास ने बताया कि सोसायटी परिसर में खेल परिसर, स्वीमिंग पूल, साफ-सफाई और पार्किंग एरिया समेत अन्य किसी तरह की कोई सुविधा नहीं मिल रही है।

इसके बाद भी मेंटेनेंस प्रबंधन ने शुल्क को 2.10 रुपये से बढ़ाकर 2.90 रुपये कर दिया गया है। शुल्क बढ़ाए जाने का कई बार विरोध जताया गया, उसके बाद भी मेंटेनेंस प्रबंधन समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है।

तीनों फ्लैट की सभी लिफ्ट बंद कर दीं

इसी के चलते कुछ सोसायटी के लोगों ने शुल्क जमा करने से इंकार कर दिया था और मेंटेनेंस में आने वाले खर्च का ब्योरा मांगा गया, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। इसके अलावा बीते तीन माह पूर्व हुई बैठक में भी आश्वासन दिया गया था कि सभी काम नियमित कराए जाएंगे, लेकिन कोई काम नहीं किया जा रहा है।

इसी के विरोध में सोसायटी के कुछ लोग ही मेंटेनेंस शुल्क नहीं जमा कर रहे थे, जिसके चलते मेंटेनेंस प्रबंधन ने सोसायटी के तीनों फ्लैट की सभी लिफ्ट बंद कर दी है। इस कारण लोगों को उतरने-चढ़ने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिसरख कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि सोसायटी के लिफ्ट में लाइट की सप्लाई नहीं जाने के कारण लिफ्ट बंद हो गई थी। मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment