एयरलाइन पायलट गिरफ्तार, महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में बड़ा खुलासा

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- राजधानी दिल्ली के किशनगढ़ इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी एयरलाइन में कार्यरत पायलट को महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एक ऐसा हिडन कैमरा डिवाइस बरामद हुआ है, जो दिखने में एक साधारण लाइटर जैसा है लेकिन उसमें स्पाई कैमरा फिट किया गया था।

30 अगस्त की रात हुआ था मामला उजागर

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की रात करीब 10:20 बजे, किशनगढ़ गांव की रहने वाली एक महिला ने शनि बाजार क्षेत्र में एक अजनबी को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त देखा। महिला ने बताया कि वह व्यक्ति लाइटर जैसे किसी डिवाइस से वीडियो बना रहा था, जो महिलाओं की ओर केंद्रित था।

महिला की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया के चलते किशनगढ़ थाने में तत्काल एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू हुई।

सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचना ने खोले राज

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, और संदिग्ध की पहचान के लिए उसकी तस्वीरें इलाके में प्रसारित की गईं। इसके बाद स्थानीय बीट कांस्टेबल और खुफिया नेटवर्क के जरिए एकत्र की गई जानकारी से आरोपी की पहचान की गई।

गिरफ्तार शख्स का नाम मोहित प्रियदर्शी है, जो उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है और एक निजी एयरलाइन में पायलट के पद पर कार्यरत है।

पूछताछ में खुलासा: ‘व्यक्तिगत संतुष्टि’ के लिए बनाता था वीडियो

गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में मोहित ने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि वह ‘व्यक्तिगत संतुष्टि’ के लिए इस तरह के वीडियो बनाता था। पुलिस को उसके पास से वह लाइटरनुमा हिडन कैमरा भी बरामद हुआ, जिसमें कई वीडियो क्लिप्स मौजूद हैं।

फिलहाल पुलिस उन वीडियो की फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी विश्लेषण कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इसमें किसी और की संलिप्तता तो नहीं है या यह कोई बड़ा रैकेट तो नहीं।

Share This Article
Leave a Comment