ग्रेटर नोएडा में 5 सदस्यों की मौत: 10 बीघा जमीन और मकान का विवाद, सास और ननद पर हत्या का गंभीर आरोप

News Desk
6 Min Read

ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के पति-पत्नी और तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत के मामले में अब हत्या का आरोप लगाया जा रहा है।

जान गंवाने वाली महिला ललिता के परिजनों का आरोप है कि उसकी सास ने अपनी बेटी के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।

यह पूरा मामला अब 10 बीघा जमीन और रिहायशी मकान को बेटियों के नाम करने से उपजे विवाद का बताया जा रहा है। वर्ष 2015-16 में इन्हें मुआवजा भी मिला था, मां और पिता ने वह भी इस लड़के को नहीं दिया था। फिलहाल, कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।

सुबह दरवाजा न खुलने पर हुआ शक

शुरुआती जानकारी के अनुसार, गांव नगला पदम निवासी महेश उनकी पत्नी ललिश तीन नाबालिग बच्चे शुक्रवार रात करीब 10 बजे मैगी खाकर सोए थे। मगर जब वे सुबह नहीं उठे तो लोगों को शंका हुई। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो पांचों बिस्तर पर मृत मिले। सूचना मिलते ही एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जल्द से जल्द मामले के खुलासे की बात कही है।

10 बीघा जमीन और मकान का मामला

बता दें कि मृतकों की पहचान पति महेश (37 वर्ष), पत्नी ललिता (35 वर्ष), लड्डू (11 वर्ष), बेटी मिष्टी (7 वर्ष) और साक्षात (3 वर्ष) के रूप में हुई है। अब महिला के मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि करीब छह महीने पहले महेश की मां ने करीब 10 बीघा जमीन अपनी बेटी और उसके पति के नाम कर दी थी। इससे पूरा परिवार बहुत ही आहत था।

मकान भी देने पर गहराया विवाद

हाल ही में ललिता की सास ने जिस मकान में यह परिवार रह रहा था, उसे भी बेटी के ही नाम कर दिया था। इससे महेश और उनकी पत्नी पूरी तरह से टूट गए। उन्हें अपने भविष्य की चिंता सताने लगी थी। परिजनों का कहना है कि इस हत्याकांड को मृतका की सास ने अपनी बेटी के साथ मिलकर अंजाम दिया है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने इस मामले में कोई बयान जारी नहीं किया है।

मुआवजे की रकम से बनाया गया था घर

मृतक महेश के साले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे हैं। वर्ष 2017 में महेश की शादी हुई थी। तभी से वे रबुपुरा में रह रहे थे। रबुपुरा महेश का ननिहाल था। यहां जमीन पहले से थी। इसके बाद उन्होंने मेहनत करके कुछ और जीमन खरीदी थी। वर्ष 2015-16 में मुआवजा मिला तो उसी धनराशि से रबुपुरा में मकान बनाया गया था।

चार साल पहले बड़े भाई ने भी की थी आत्महत्या

इसमें एक और चौंकाने वाला मामला यह है कि करीब चार वर्ष पहले महेश के बड़े भाई ने भी दिल्ली में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की थी। महेश की मां एक वर्ष से इनके साथ रह रही थीं। वहीं, मृतक की कुल तीन तीन बहन हैं। मां और पिता ने मकान समेत पूरी संपत्ति तीन बहनों के नाम कर दिया था। बताया जा रहा है कि इससे महेश डिप्रेशन में था।

फूड प्वाइजनिंग की जताई थी आशंका

उधर, एक ही परिवार में पांच लोगों की मौत की खबर पूरे गांव और आस-पास के क्षेत्रों में सनसनी बन गई। घर के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस बीच पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा करके उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है। हालांकि, शुरुआत में इसे फूड प्वाइजनिंग से हुआ हादसा भी बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगिल से जांच कर रही है।

जुटाये गए वैज्ञानिक साक्ष्य

सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस बल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एम्बुलेंस एवं फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। मृतकों के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है। एसडीएम ने भी पूरे मामले का सच जल्द सामने आने की बात कही है।

भोजन का नमूना लिया, सामने आएगा सच

यह घटना रबुपुरा थाना क्षेत्र में हुई है। यह बहुत ही दुखद घटना है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों पति, पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई है। उन्होंने रात 10 से 10:30 बजे के बीच खाना खाया था। सुबह जब एक बच्चा परीक्षा के लिए नहीं उठा, तब इस घटना का पता चला। हम एम्बुलेंस और अन्य टीमों के साथ मौके पर पहुंचे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने जो चीजें खाई थीं, उन्हें आधार बनाकर हम आगे की कार्रवाई कर रहे हैं और विस्तृत जांच के बाद आगे के कदम उठाए जाएंगे।

-श्रवण कुमार सिंह, डीसीपी, ग्रेटर नोएडा।

Share This Article
Leave a Comment