तीसरे दिन भी बंद रहे 17 मेट्रो स्टेशन, यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के हिंसक विरोध प्रदर्शन के चलते शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली मेट्रो के 17 प्रमुख स्टेशन बंद रहे। सुबह से व्यस्त स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं ठप रहने से नौकरीपेशा, छात्रों और आम यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।

तीसरे दिन भी लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आइटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग व शिवाजी स्टेडियम सहित झंडेवालान मेट्रो स्टेशन सुबह 7.30 बजे से बंद कर दिए गए।

लोगों को हो रही काफी परेशानी

मेट्रो बंदी के साथ लुटियंस दिल्ली के आसपास इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदियों ने यात्रियों की दोहरी परेशानी बढ़ा दी। क्योंकि, आगे जाने के लिए लोगों को ऑटो व कैब समेत परिवहन की अन्य सेवाओं की बुकिंग में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसके चलते कई ने जरूरी यात्रा टाल दी तो कई लोग घंटों देनी से कामकाज और जरूरी कामों पर पहुंचे। इस दौरान एक्स समेत अन्य सोशल मीडिया मंचों पर शिकायतों की बाढ़ रही।

250 से 500 रुपये तक चुकाने पड़ रहे

दैनिक यात्रियों का कहना है कि स्टेशनों के अचानक बंद होने से उन्हें महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। मयूर विहार से संसद मार्च तक आवाजाही करने वाली शालिनी राय ने बताया कि मेट्रो से उनका रोजाना का खर्च 100 रुपये से भी कम आता था, लेकिन अब कैब या ऑटो के लिए उन्हें 250 से 500 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं।

निजी वाहनों का रुख कर रहे लोग

इंटरनेट बंद होने के कारण यूपीआई भुगतान न चलने से ऑटो चालक खुले पैसे न होने का बहाना बनाकर मनमाना किराया वसूल रहे हैं। वहीं, प्रीत विहार निवासी मानस का 32 का मेट्रो सफर अब 220 रुपये की एकतरफा कैब सवारी में बदल गया है। स्टेशन बंद होने से लोग बसों और निजी वाहनों का रुख कर रहे हैं, जिससे सड़कों पर भीषण जाम लग रहा है।

स्कूल शिक्षक राजेश सिंह और अमित कुमार जैसे यात्रियों का कहना है कि दफ्तर समय पर पहुंचने के लिए उन्हें सुबह आठ बजे के बजाय 6:30 बजे ही घर से निकलना पड़ रहा है, फिर भी लोग रात 10 बजे तक घर नहीं पहुंच पा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment