नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा आगामी 15 जुलाई से प्रस्तावित है, लेकिन परीक्षा में अब तीन सप्ताह से भी कम का समय बचा होने के बावजूद अब तक आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है. इस देरी की मुख्य वजह इस साल पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) और अंकों के सत्यापन के लिए आए भारी आवेदन हैं.
स्कूल प्रबंधनों के मुताबिक, इस वर्ष री-इवैल्यूएशन के लिए करीब 1.6 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे. इतनी बड़ी संख्या में आए आवेदनों के निपटारे और संशोधित परिणाम जारी करने की व्यस्तता के कारण बोर्ड की अन्य परीक्षात्मक गतिविधियां और ऑनलाइन पोर्टल बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.
स्कूलों का कहना है कि पुनर्मूल्यांकन के बाद रविवार को आवेदन करने वालों में से 87 प्रतिशत विद्यार्थियों के संशोधित परिणाम जारी किए जा रहे हैं. बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, पहले पुनर्मूल्यांकन और अंक सत्यापन के सभी लंबित मामलों का पूरी तरह निपटारा किया जाएगा. इसके बाद ही कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी.
फिलहाल बोर्ड के अधिकांश ऑनलाइन पोर्टल सामान्य रूप से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे स्कूलों के प्रशासनिक कार्य और छात्रों के रिकॉर्ड अपडेट करने की प्रक्रिया रुकी हुई है. ऐसे में वे छात्र जिन्होंने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन नहीं किया था और सीधे कंपार्टमेंट परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, वे आवेदन विंडो खुलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. बता दें कि इससे पहले कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि 14 जून और लेट फीस के साथ 19 जून तय की गई थी.

