ग्रेटर नोएडा में होटल की खिड़की से देखते समय युवक हाईटेंशन लाइन से टच हुआ, झुलसकर मौत

News Desk
2 Min Read

दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है। वह बादलपुर गांव में धर्म काटा के पास रहता था।

वह होटलों में सिंगिंग का काम करता था। बुधवार को उसने बादलपुर स्थित होटल स्टे-इन में रहने के लिए कमरा बुक कराया था। शाम करीब पांच बजे वह कमरे में लेटा हुआ था।

खिड़की के बाहर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। आशंका जताई जा रही है कि गौरव ने खिड़की के बाहर लटक रहे बिजली के तार को छू लिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मचा होटल प्रबंधन में हड़कंप

घटना के बाद होटल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना पर पहुंची बादलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और स्वजन को घटना की जानकारी दी।

कोतवाली प्रभारी बादलपुर विजय गुप्ता ने बताया कि होटल के कमरे की खिड़की के बेहद करीब से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जो हादसे का कारण बनी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

होटल प्रबंधन की लापरवाही और विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी जांच की जा रही है। अन्य पहलूओं पर भी मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना ने होटलों और आवासीय इमारतों के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसी खतरनाक लाइनों को हटाने या सुरक्षित करने की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment