पत्नी से झगड़े में युवक ने चलाई गोलियां, पुलिस ने पिस्टल समेत दबोचा

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली। निहाल विहार इलाके में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद एक मकान के बाहर कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही बाहरी जिला पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले की जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फायरिंग करने वाला युवक एक किन्नर का पति है, जो अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर नाराज था। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान की और कुछ ही घंटों में उसे पूर्वी दिल्ली के खुरेजी खास इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी कुछ समय पहले घर छोड़कर निहाल विहार में रहने लगी थी। जब वह उसे वापस चलने के लिए मनाने पहुंचा और बात नहीं बनी, तो गुस्से में आकर उसने फायरिंग कर दी।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना की सूचना पर क्राइम टीम और एफएसएल को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए गए। जिस मकान के बाहर फायरिंग हुई, वहां किराए पर रहने वाले अन्य किन्नरों से भी पूछताछ की गई है।

बाहरी जिला पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

Share This Article
Leave a Comment