यूपी विधानमंडल का शीतकालीन सत्र आज से, कल पेश होगा वर्तमान वित्तीय वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट

Rohit Kumar
2 Min Read

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश विधानसभा का तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र बुधवार यानी आज से शुरू हो रहा है. जिसमें योगी सरकार वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए दूसरा अनुपूरक अनुदान पेश करेगी और राज्य सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए लिखित दस्तावेज मांगेगी.

सत्र के पहले दिन विधान सभा की कार्यवाही सदन के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर और सीडीएस जनरल बिपिन रावत व 11 अन्य सैन्य अफसरों-कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के बाद स्थगित कर दी जाएगी. वहीं, 16 दिसंबर को चालू वित्तीय वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट, अगले वित्तीय वर्ष का अंतरिम बजट और 2022-23 के शुरुआती चार महीनों के लिए लेखानुदान प्रस्तुत किया जाएगा.

बता दें, विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन भी किया. कांग्रेस के नेता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी की बर्खास्तगी की मांग के साथ सड़क पर उतरे. प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू दीपक सिंह अराधना मिश्रा  मौजूद रहे.

जानकारी के मुताबिक सभी दलों के आगामी यूपी विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी प्रचार में व्यस्तता के कारण शीतकालीन सत्र संक्षिप्त होगा. साथ ही यह 17वीं विधानसभा का आखिरी सत्र भी होगा. बता दें, उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं और विधानसभा के 403 सदस्यों के चुनाव के लिए फरवरी से मार्च 2022 के महीने में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है.

यूपी विधानसभा की व्यावसायिक सलाहकार समिति ने मौजूदा महामारी को देखते हुए सांसदों के सत्र में भाग लेने की शर्ते निर्धारित की हैं. विधानसभा ने इस बार भी अपने सदस्यों को सदन में वर्चुअल रूप से उपस्थित होने का विकल्प देने का फैसला किया है.

Share This Article
Leave a Comment