इंग्लैंड के विरुद्ध सेमीफाइनल में दिनेश कार्तिक की जगह रिषभ पंत को क्यों देना चाहिए मौका, शास्त्री ने बताया

Rohit Kumar
2 Min Read

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में खासा निराश किया है. वहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ आखिरी सुपर-12 राउंड मैच में ऋषभ पंत को खेलने का मौका मिला था, जबकि दिनेश कार्तिक को टीम में जगह नहीं मिली. दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2022 के 4 मैचों में दिनेश कार्तिक महज 14 रन बना सके हैं. भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन सेमीफाइनल में दिनेश कार्तिक खेलेंगे या ऋषभ पंत… अब इस पर भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने बड़ा बयान दिया है.

ऋषभ पंत को मिले मौका- रवि शास्त्री

भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में दिनेश कार्तिक की जगह ऋषभ पंत को मौका मिलना चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत एक्स फैक्टर है, दिनेश कार्तिक अच्छे टीम प्लेयर हैं , लेकिन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी टीमों के बॉलिंग अटैक के मद्देनजर ऋषभ पंत बेहतर विकल्प हैं. रवि शास्त्री ने आगे कहा कि अगर ऋषभ पंत खेलते हैं तो बाएं हाथ के बल्लेबाज की कमी भी पूरी हो जाएगी.

ऋषभ पंत एक्स फैक्टर है- रवि शास्त्री

रवि शास्त्री कहते हैं कि ऋषभ पंत का प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रहा है. इस वजह से सेमीफाइनल जैसे अहम मैच में ऋषभ पंत को मौका मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर आप एडिलेड में मैच खेल रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखना होता है कि वहां की बाउंड्री छोटी है. वहीं, अगर ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज खेलते हैं तो इंग्लैंड की गेंदबाजी का बेहतर तरीके से सामना किया जा सकता है. साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी टीम में बहुत ज्यादा दाएं हाथ के बल्लेबाज का होना सहीं नहीं है.

Share This Article
Leave a Comment