PU कैंपस में हिंसा, सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में

Amit
2 Min Read

अभी तक नहीं हुआ खुलासा – आरोपी स्टूडेंट्स थे या बाहरी लोग, पीड़ित की पहचान भी अज्ञात

चंडीगढ़। प्रतिष्ठित पंजाब यूनिवर्सिटी एक बार फिर विवादों में है। सेक्टर-14 स्थित कैंपस में सोमवार रात हिंसा का ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ युवक एक युवक को बेरहमी से पीटते नज़र आ रहे हैं — वह भी यूनिवर्सिटी के गेट के पास और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में।

घटना की रात कुछ युवकों ने मिलकर एक अकेले युवक को घेर लिया और डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। वीडियो में यह साफ देखा जा सकता है कि आरोपित युवक पीड़ित को गालियाँ देते हुए पीटते हैं और पास में खड़े सुरक्षा गार्ड सिर्फ तमाशा देखते हैं। हालांकि कुछ देर बाद कुछ गार्ड बीच-बचाव करते भी दिखाई देते हैं।

इस हमले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि झगड़े में शामिल युवक यूनिवर्सिटी के छात्र हैं या बाहरी लोग। चौंकाने वाली बात यह है कि न तो पीयू प्रशासन ने इस घटना को लेकर कोई प्रतिक्रिया दी है और न ही पुलिस को पहले शिकायत दी गई थी।

वीडियो के सामने आने के बाद सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है और न ही पीड़ित की पहचान को लेकर कोई पुष्टि हुई है।

इस घटना ने पंजाब यूनिवर्सिटी में सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत को उजागर कर दिया है। परिसर के भीतर मारपीट जैसी गंभीर घटना और उस पर सुरक्षा कर्मियों की निष्क्रियता को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ गई है। पुलिस फिलहाल वीडियो के आधार पर जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment