गाजियाबाद में दीपावली की रात दर्दनाक हादसा: पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खुद को लगाई आग

Amit
2 Min Read

गाजियाबाद – गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में दीपावली की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे उसकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, मेरठ के बहादुरपुर गांव निवासी टिंकू कुमार, जो नंदग्राम क्षेत्र के नूरनगर में परिवार सहित रह रहा था, मजदूरी करता था। पिछले डेढ़ महीने से उसका पत्नी से विवाद चल रहा था और वह अधिकतर समय घर से बाहर ही रहता था।

दीपावली की रात करीब दो बजे टिंकू नशे की हालत में पत्नी को मनाने घर पहुंचा। उसने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला। गुस्से और नशे में टिंकू ने अपने साथ लाए डीजल को खुद पर छिड़क लिया और आग लगा ली। जलते हुए उसने पड़ोसियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन जब तक दरवाजा खुला, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।

स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल टिंकू को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। मंगलवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही टिंकू के परिजन मौके पर पहुंचे और पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, पुलिस द्वारा प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में टिंकू खुद पर डीजल डालते और आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment