निर्माणाधीन मकान में चोरी, वैल्डिंग मशीन और लोहे का सामान ले उड़े चोर

Amit
2 Min Read

मेरठ: मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार एक्सटेंशन में एक निर्माणाधीन मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश मकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये कीमत का सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग बेहद आक्रोशित हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पीड़ित राजीव शर्मा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका मकान जागृति विहार एक्सटेंशन सेक्टर-5 में निर्माणाधीन है। बुधवार की शाम वह मकान में ताला लगाकर घर लौटे थे। जब वे गुरुवार सुबह वहां पहुंचे तो देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे हुए थे।

जांच करने पर पता चला कि चोर एक वैल्डिंग मशीन, पानी की मोटर, लोहे की पुरानी खिड़कियां, चौखट की एंगल और सरिया समेत हजारों रुपये मूल्य का सामान चुरा ले गए हैं। राजीव ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। लोग रात के समय असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि पुलिस रात्रि गश्त बढ़ाए और पूर्व की घटनाओं का जल्द खुलासा करे।

इस मामले में सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment