ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी का यीडा अभी तक धरातल पर काम शुरू नहीं कर सका है। फिल्म सिटी का मानचित्र को एक साल पहले ही यीडा स्वीकृति दे चुका है, लेकिन विकासकर्ता कंपनी वेब्यू भूटानी इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रा. लि. निर्माण कार्य शुरू करने से पहले फाइनेंशियल क्लोजिंग की शर्त को पूरा नहीं कर सकी है।
कंपनी का दावा है कि अगस्त के पहले सप्ताह में फाइनेंशियल क्लोजिंग का काम पूरा हो जाएगा। उत्तर भारत की प्रतिभाओं को अभिनय के अवसर के साथ युवाओं के लिए रोजगार और पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाने के लिए यीडा के सेक्टर 21 में एक हजार एकड़ में फिल्म सिटी विकसित करने की परियोजना तैयार की गई थी।
230 एकड़ में होगा फिल्म सिटी के पहले चरण का निर्माण
दस हजार करोड़ की अनुमानित परियोजना के लिए किसी विकासकर्ता ने कदम आगे नहीं बढ़ाए तो यीडा को इसे अलग-अलग चरण में विकसित करने का फैसला करना पड़ा। पहले चरण में 230 एकड़ में फिल्म सिटी विकसित करने के लिए फिल्म निर्माण बोनी कपूर व भूटानी समूह से सबसे अधिक बोली लगाकर निविदा हासिल कर ली।
जून 2025 में पहले चरण का मानचित्र भी यीडा ने स्वीकृत कर दिया, लेकिन मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट धरातल पर नहीं उतरा, जबकि इसके उद्घाटन को लेकर लगातार कयास लगते रहे। एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों फिल्म सिटी के शिलान्यास सिर्फ कयास भर साबित हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो बार यीडा क्षेत्र में आकर औद्योगिक इकाई का शिलान्यास कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री के हर कार्यक्रम में नोएडा एयरपोर्ट के साथ फिल्म सिटी का जिक्र होता है। बावजूद इसके फाइनेंशियल क्लोजिंग न होने के कारण फिल्म सिटी का काम शुरू नहीं हो सका है। जबकि तीन साल में पहले चरण का काम पूरा होना है। इसमें 13 माह बीत चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक फिल्म सिटी के पहले फेज में केवल फिल्म निर्माण संबंधित ढांचा विकसित करने की शर्त भी देरी का बड़ा कारण है।
1510 करोड़ अनुमानित लागत
पहले चरण में 230 एकड़ में फिल्म सिटी विकसित होगी। इसमें 75 एकड़ में कामर्शियल व 155 एकड़ में फिल्म से जुड़ी गतिविधि के ढांचा तैयार होगा।विकासकर्ता को 90 साल के लिए लाइसेंस दिया गया है। अनुमानित लागत 1510 करोड़ रुपये है। शुरुआत में फिल्म स्टूडियो, फिल्म इंस्टीट्यूट आदि का निर्माण होगा। इसके पूरा होने पर माल, विला, कामर्शियल भवन आदि का भी निर्माण होगा।
फिल्म सिटी परियोजना की अनुमानित लागत 1510 करोड़ रुपये है, लेकिन परियोजना पूरी होने तक यह लागत काफी बढ़ जाएगी। परियोजना निर्माण में आर्थिक बाधा न हो, इसलिए विभिन्न विकल्पों पर बातचीत हो रही थी। अब यह फाइनल हो चुकी है। एक सप्ताह में फाइनेंशियल क्लोजिंग पूरी हो जाएगी। अगस्त अंत तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
–
आशीष भूटानी, सीईओ भूटानी समूह
फिल्म सिटी परियोजना का निर्माण शुरू होने से पहले फाइनेंशियल क्लोजिंग होना अनिवार्य शर्त है, कंपनी को परियोजना निर्माण के लिए जुटाई गई रकम आदि की जानकारी देनी होगी। इसके बाद अन्य औपचारिकता पूरी कर निर्माण शुरू हो सकेगा। अभी फाइनेंशियल क्लोजिंग नहीं हो पाई है।
–
शैलेंद्र भाटिया, एसीईओ यीडा
