गुमराह करने के लिए पिता ने गढ़ी थी आत्महत्या की कहानी, ज्यादा खून बहने से हुई मौत

Rohit Kumar
2 Min Read

कानपुर में गरीबी और घरेलू समस्याओं से परेशान पिता ने बेटे और बहू की नृशंस हत्या कर दी। सनसनीखेज घटना बुधवार देर रात को रामबाग में हुई। पुलिस ने छह घंटे में खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। कत्ल में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। गुडवर्क करने में एडीसीपी वेस्ट, एसीपी सीसामऊ और बजरिया पुलिस को ज्वाइंट सीपी ने 50 हजार का इनाम दिया है।

रामबाग निवासी दीप कुमार तिवारी (70) स्वरूपनगर स्थित अस्पताल के बाहर चाय की दुकान चलाता है। परिवार में बड़ा बेटा मोनू तिवारी मानसिक बीमार है। छोटा पुत्र शिवम चाट-पापड़ी का ठेला लगाता था। शिवम की पत्नी जूली गृहिणी थी। बुधवार देर रात दीप और उसका बड़ा बेटा आईपीएल मैच देखने के बाद छत पर सोने चले गए थे। कुछ देर बाद दीप नीचे उतरा। उसके हाथ में चाकू था। वह तेजी से शिवम के कमरे में घुसा और जमीन पर चटाई डालकर सो रहे बेटे की गर्दन चाकू से रेत दी।

इस दौरान शिवम चिल्लाया और उठकर बचने का प्रयास किया। दीप ने उसके बाल पकड़कर फर्श पर धक्का दिया। शिवम नीचे गिरा और कुछ देर बैठने के बाद जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस की पूछताछ में दीप ने बताया कि बेटे को मारने के दौरान तख्त पर सो रही बहू जूली उठ गई और चिल्लाई कि पापा यह क्या कर रहे हैं। ऐसे में उसकी गर्दन भी चाकू से रेत दी। जमीन पर गिरने के बाद उसकी भी सांसें थम गईं।

आर्थिक तंगी और घरेलू समस्याएं बनीं कारण
दीप तिवारी ने पुलिस की पूछताछ के दौरान बताया कि वह आर्थिक तंगी और घरेलू समस्याओं से इतना तंग आ गया था कि बेटे और बहू को मारने का निर्णय लेना पड़ा।

बड़े बेटे की हत्या कर करनी थी खुदकुशी
पुलिस ने समय रहते दीप को गिरफ्तार न किया होता तो दो जानें और चली जातीं। पूछताछ में उसने बताया कि गुरुवार को बड़े बेटे की हत्या कर खुद आत्महत्या करने की तैयारी थी।

Share This Article
Leave a Comment