उत्तरप्रदेश। मेरठ के गंगानगर क्षेत्र स्थित अम्हेड़ा गांव में शनिवार सुबह पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने चाकू और ब्लेड से हमला कर पत्नी की जान ली और फिर खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार,आरोपी ने चाकू और ब्लेड से लगातार हमला करते हुए तब तक वार किया, जब तक पत्नी की सांसें नहीं थम गईं।
गर्दन पर चाकू से किया वार
वारदात के वक्त सपना पहली मंजिल पर बने कमरे में थी, जहां आरोपी ने उसे अकेले में बुलाया और अचानक गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद वह लगातार हमला करता रहा। कमरे की दीवारें, फर्श और आरोपी के कपड़े खून से सने हुए थे। सपना की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
आरोपी ने खुद कॉल कर बुलाई पुलिस
चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी रविशंकर मौके से भागा नहीं, बल्कि मृत पत्नी के शव के साथ कमरे में ही मौजूद रहा। पुलिस को उसने खुद फोन कर कहा – “मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है, आकर शव ले जाइए।”
मौत की वजह नहीं आई सामने
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो आरोपी ने करीब 15 मिनट बाद दरवाजा खोला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी के कुछ समय बाद ही सपना गर्भवती हो गई थी और अक्सर अपनी बहन के घर आती-जाती थी। हालांकि, किसी घरेलू विवाद की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
मृतका की बड़ी बहन ममता ने बताया कि सपना ने कभी कोई शिकायत नहीं की थी। परिवार को इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा है। सपना की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
