ग्रेटर नोएडा के विकास को मिलेगी रफ्तार, 25 परियोजनाओं को प्राधिकरण की हरी झंडी

News Desk
5 Min Read

ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण शहर के विकास और रखरखाव से जुड़े 25 महत्वपूर्ण छाेटी-बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। इसके लिए प्राधिकरण ने 18 सितंबर तक निर्माण कराने के इच्छुक एजेंसियों से आवेदन मांगा है और 21 सितंबर को प्री-क्वालिफिकेशन बैठक होगी।

इसके बाद कार्यों का वितरण कर काम शुरू करा दिया जाएगा। सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि शहर के विकास को नई उड़ान की कोशिश की जा रही है।

आठ निर्माण परियोजना को मंजूरी 

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, सेक्टर-3 में बाउंड्रीवाल निर्माण और मरम्मत कार्य पर करीब 80.61 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसी तरह से सेक्टर पी-3 में ओपन जिम और बच्चों के उपकरण और (हट) झोपड़ी बनाने पर 94.76 लाख रुपये, सेक्टर पी-3 बिल्डर्स एरिया में 24 मी. चौड़ी सड़क के दोनों तरफ ग्रास पेवर ब्लाक 1.05.करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।

सेक्टर-एक और केपी-5 में 80 मीटर सड़क व सेक्टर-एक में ग्रीन बेल्ट पर प्री-स्ट्रेस्ड हाली आरसीसी नाली 1.57 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा गया है। सेक्टर ईकोटेक-6 में 60 मीटर सड़क पर आरसीसी ड्रेन कवर्ड पर 1.68 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

सेक्टर-3 की आंतरिक सड़कों की रिसर्फेसिंग 1.89 करोड़ और दनकौर-सिकंदराबाद रोड से ग्राम दनकौर मार्ग की रिसर्फेसिंग पर 1.79 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में आरसीसी प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल बनाने पर भी 1.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

वार्षिक अनुरक्षण के लिए तीन कार्य को प्राथमिकता 

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर-कासना (एसके) रोड पर एलजी गोलचक्कर से सेक्टर स्वर्ण नगरी तक तीन वर्ष के लिए नाली सफाई, पटरी दुरुस्ती और पेंटिंग के वार्षिक अनुरक्षण कार्य पर 1.59 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा।

सेक्टर-12 में तीन वर्ष तक नाली सफाई व्यवस्था पर 1.64 करोड़ रुपये और सेक्टर अल्फा-एक में नाली सफाई, रंगाई पुताई, पटरी ड्रेसिंग,जंगल की सफाई पर 1.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

विद्युत व्यवस्था के सुधार पर भी ध्यान 

प्राधिकरण ने शहर में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की तरफ ध्यान देना शुरू किया है। मलकपुर प्राइमरी स्कूल के आंतरिक विद्युत कार्य और बोडाकी, पाली अंडरपास में एलईडी लाइट लगाने के कार्य पर 17.05 लाख रुपये प्राधिकरण खर्च करेगा।

जलपुरा स्थित 220 केवी सब स्टेशन के सामने 45 मीटर रोड पर 26.35 लाख रुपये से स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे। पल्ला गांव में छह प्रतिशत आबादी में विद्युतीकरण के कार्य पर 1.08 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

शहर में पूर्व से स्थापित एलईडी स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट के तीन वर्षो तक बेहतर रखरखाव और संचालन पर प्राधिकरण करीब 1.06 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के विभिन्न गांवों में एलईडी हाईमास्ट लाइट लगाने पर भी 1.75 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा।

सेक्टर ओमिक्रान-3, म्यू एक, सेक्टर जीटा और इन सेक्टरों के पार्कों में हाई मास्ट पर 1.92 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सेक्टर सिग्मा-2,3,4 सेक्टर-31,32,36 में सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने के काम पर 1.59 करोड़ और सेक्टर ईटा-2 में 60 मीटर सड़क पर लाइट लगाने पर करीब 1.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

उद्यान और स्वास्थ्य विभाग के छह परियोजना भी शामिल 

प्राधिकरण ने विकास व अनुरक्षण कार्य के लिए उद्यान और स्वास्थ्य विभाग के छह परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी है।

इसमें ग्रेनो प्राधिकरण कार्यालय में वर्टिकल गार्डन पर 28.48 लाख, तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी से तिराहा तक सेंट्रल वर्ज पर पौधों की कटाई व पेंटिंग 1.05 करोड़, बादलपुर व दादरी बाईपास पर ग्रीन बेल्ट व पार्कों के रखरखाव पर 1.13 करोड़, आइटीबीपी गोलचक्कर से होली पब्लिक स्कूल सेक्टर सिग्मा एक तक ग्रीन बेल्ट 1.42 करोड़, सेक्टर जीटा रोटरी से डीएससी रोड तक 75 मीटर चौड़ी हरित पट्टी के रखरखाव पर 1.51 करोड़ और विभिन्न स्थानों पर कुत्तों को खाना खिलाने का निर्धारित स्थान बनाने के लिए 1.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment