शराब पार्टी में दोस्त बना हमलावर, युवक की गर्दन पर किया चाकू से वार

Amit
3 Min Read

नई दिल्ली- नरेला औद्योगिक क्षेत्र में देर रात शराब पीने के दौरान हुआ विवाद खूनखराबे में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद राहुल नाम के युवक ने अपने ही दोस्त तवरेज आलम पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने से तवरेज मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हालत बिगड़ती देख आरोपी ने उसे सड़क तक घसीटा और एक बाइक सवार की मदद से अस्पताल पहुंचाया, इसके बाद फरार हो गया।

घायल तवरेज आलम मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है और फिलहाल परिवार के साथ शाहपुर गढ़ी, नरेला में रह रहा है। पुलिस को दिए बयान में तवरेज ने बताया कि वह और राहुल चेन्नई की एक निजी कंपनी में साथ काम करते थे। शादी की बातचीत चलने के कारण वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली आया था। दोनों अक्सर साथ समय बिताते और पार्टी किया करते थे।

घटना वाली रात पेट्रोल पंप के पास शराब पीते समय किसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। गाली-गलौज का विरोध करने पर राहुल ने अचानक जेब से चाकू निकालकर तवरेज की गर्दन पर हमला कर दिया। खून बहता देख वह घबरा गया और तवरेज को पास के अस्पताल ले गया। वहां तवरेज के बेहोश होते ही राहुल मौके से फरार हो गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया, जहां होश में आने पर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

नारायणा में मैनेजर पर चाकू से हमला, नकदी लूटी

इधर, पश्चिमी दिल्ली के नारायणा इलाके में शनिवार रात बदमाशों ने पैसे लेकर जा रहे एक कंपनी मैनेजर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर लूटपाट की। घायल युवक की पहचान उत्तम नगर निवासी 25 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। हमले में रवि के सिर और जांघ पर गंभीर चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही नारायणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को आचार्य भिक्षु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर लूट का केस दर्ज कर एक आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथी सुमित, नवीन और आकाश की तलाश की जा रही है।

पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार दोनों ही मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment