गाड़ी हटाने की कहासुनी ने ली जान, थाने के साए में युवक को मारी गोली

Amit
2 Min Read

अस्पताल में मृतक परिजनों का हंगामा, न्याय की मांग

गाजियाबाद। मुरादनगर में बुधवार रात एक छोटी सी कहासुनी ने जानलेवा मोड़ ले लिया। दिल्ली-मेरठ मार्ग के नजदीक, थाने से महज कुछ दूरी पर, एक युवक की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई जब वह खुद पर हुए हमले की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा था।

मिल्क रावली गांव निवासी रवि शर्मा का रास्ते में कार निकालने को लेकर कुछ स्थानीय युवकों से झगड़ा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह विवाद देर रात करीब 10 बजे शुरू हुआ। झगड़े के बाद आरोपी पक्ष रवि के घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। स्थिति बिगड़ती देख रवि अपने भाई के साथ मुरादनगर थाने रिपोर्ट लिखाने पहुंचा। लेकिन इसी दौरान आरोपी युवक अजय और मोंटी भी थाने में दाखिल हो गए। थाने परिसर के बाहर ही उन्होंने रवि पर गोलियां चला दीं। चार गोलियां लगते ही रवि वहीं गिर पड़ा।

घायल रवि को तुरंत मोदीनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल में जुटे और वहां हंगामा शुरू हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर ने मुरादनगर थाने के प्रभारी शैलेन्द्र सिंह तोमर, रात्रिकालीन ड्यूटी अफसर सूबे सिंह और संबंधित बीट प्रभारी मोहित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment