दनकौर (ग्रेटर नोएडा)। कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में रजवाहा में डूबी रीना ने मायके वालों से 15 दिन पहले ही ससुरालवालों द्वारा उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। जिन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, उसके द्वारा पूर्व में जताई गई आशंका सच साबित हुई।
घटना स्थल की परिस्थितियां और पत्नी के साथ थार समेत रजवाहा में गिरे पति मोहित के सुरक्षित निकलने के बाद किए जा रहे दावे मेल नहीं खा रहे। क्योंकि कार की आधी बाडी तक ही रजवाहा का पानी पहुंचा था और डूब रही पत्नी को बचाने के लिए मोहित ने न ही मदद के लिए चीख पुकार की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ, गला दबाने व दोनों के बीच संघर्ष की आशंका जताई गई है। फिलहाल पुलिस ने सेवानिवृत उपनिरीक्षक पिता जुगेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपित पति, सास मुनेश देवी और ससुर घनेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से तीनों आरोपित फरार हैं।
बता दें क्षेत्र कि भट्टा गांव निवासी रीना की रविवार रात 12 से एक बजे के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पति ने दावा किया था कि मथुरा से लाैटते समय गांव से कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर रजवाहा में गिर गई थी।
पुलिस को सूचना दिए बिना घर ले गए शव
वह अपनी साइड की खिड़की खोल कर बाहर निकल आया था। पत्नी को निकालने उसकी साइड की खिड़की खोली तो कार और रीना करीब 200 मीटर बहने के बाद डूब गए थे। मोहित ने स्वजन को बुला कर पत्नी को जब तक पानी से बाहर निकाला, मौत हो चुकी थी।
पुलिस को सूचना दिए बिना शव घर ले गए थे। आरोपित के इन दावों के बीच घटना स्थल का एक वीडियो सामने आया है। रजवाहा में खड़ी कार दिख रही है, पानी आधी बाडी तक ही पहुंच रहा है।
ऐसे में कार में सवार व्यक्ति किसी भी स्थित में कैसे डूब सकता है? मोहित ने डूब रही पत्नी को बचाने के लिए शोर क्याें नहीं मचाया? सूचना पर पहुंचे स्वजन के साथ मिलकर डूबी रीना का शव महज एक घंटे में कैसे तलाश कर लिया?
इन सवालों के सटीक जवाब अभी तक न तो आरोपित दे सका है और न ही पुलिस के पास हैं। संभवत: पुलिस इन्हीं सवालों के जवाब जानने पुलिस सीन रिक्रिएट करना चाहती है, लेकिन घटना के बाद से आरोपित फरार हैं। ऐसे में मंगलवार को सीन रिक्रिएट की कार्रवाई नहीं हो सका।
पत्नी को रास्ते से हटाने की रची थी साजिश
मृतका के सैन्यकर्मी भाई सोनू का कहना है कि जीजा जब भी बहन को किसी धार्मिक स्थल पर लेकर जाता था, बेटे को भी ले जाता था। जबकि रविवार सुबह मथुरा जाते समय सिर्फ बहन को ले गया, बेटे को घर पर ही छोड़ दिया। इसका कारण पहले से ही बहन को रास्ते से हटाने की साजिश है।
क्योंकि जीजा का एक महिला से अवैध संबंध है। बहन से छुटकारा पाने के लिए मारपीट का प्रताड़ित कर तलाक का दबाव बनाया था। सामाजिक मान मर्यादा और बेटे के भविष्य के कारण बहन ने तलाक नहीं दिया और जुल्म सहती रही।
आरोप है कि जहरीला पदार्थ खिलाकर बहन की हत्या को हादसा दिखाने के लिए गाड़ी को जानबूझकर पानी के फेंका गया।
जांच में विरोधाभासी जानकारियां
पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी तक की जांच में जो जानकारियां सामने आई हैं। उससे रीना की मौत कैसे हुई यह गुत्थी उलझती जा रही है। लौटते समय घर की ओर मुड़ने की बजाया आगे कैसे निकल गया, जबकि उसी रास्ते से उसका रोजाना आना-जाना था।
बाद में गाड़ी रजवाहा में कैसे गिर गई। नींद की झपकी में आने पर गाड़ी गिरने की बात है तो फिर बैक करते समय झपकी नहीं आ सकती
आरोपितों पर मामला दर्ज किया गया है। मृतका के स्वजन द्वारा लगाए आरोपों समेत घटना के सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
–
डॉ. रविशंकर निम, एसीपी तृतीय
