पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत, पिता ने 6 ससुरालियों पर लगाया जहर देने का आरोप

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। पत्नी को लेने ससुराल आए फरीदाबाद निवासी युवक की 28 जून में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में क्राॅसिंग रिपब्लिक थाने में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के पिता समय सिंह का आरोप है कि उनके बेटे मनोज सोलंकी को ससुरालियों ने जहरीला पदार्थ खिला दिया था।

जानकारी के मुताबिक, हालत बिगड़ने पर वह ससुराल के बाहर गंभीर अवस्था में मिला। उसे पहले एमएमजी अस्पताल ले जाया गया और हालत गंभीर होने पर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार देर रात शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बल्लभगढ़ के झारसेतली निवासी पीड़ित पिता समय सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि मनोज की पत्नी और उसके ससुराल पक्ष से करीब छह-सात माह से पारिवारिक विवाद चल रहा था। 27 जून को मनोज अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। रात करीब नौ से साढ़े नौ बजे के बीच मनोज ने परिचित अरुण कुमार को फोन कर बताया कि ससुराल वालों ने उसे कुछ खिला दिया है और उसकी तबीयत बेहद खराब है।

इसके बाद अरुण ने स्वजन को जानकारी दी। स्वजन क्रासिंग रिपब्लिक के सैन विहार स्थित गली नंबर छह पहुंचे तो मनोज ससुराल के मकान के बाहर गंभीर हालत में पड़ा मिला। मनोज को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जीटीबी अस्पताल दिल्ली रेफर कर दिया। 28 जून की सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता ने ससुर कृष्णपाल, सास ओमवती, पत्नी प्रियंका समेत तीन साले चंद्रपाल, प्रवेश और आशीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। मामले में शीघ्र जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment