गिफ्ट डीड के बदले रिश्वत लेते सब-रजिस्ट्रार गिरफ्तार, सीबीआई ने 80 हजार रुपये के साथ पकड़ा

News Desk
2 Min Read

पश्चिमी दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग में तैनात एक सब-रजिस्ट्रार और एक निजी व्यक्ति को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंजाबी बाग, नांगलोई कार्यालय में तैनात सब-रजिस्ट्रार नंद किशोर मीणा और निजी व्यक्ति सुभाष गांधी के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार को सीबीआई द्वारा बिछाए गए जाल के दौरान पकड़ा गया।

सीबीआई के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि संपत्ति की गिफ्ट डीड निष्पादित करने के बदले सब-रजिस्ट्रार ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।

80 हजार की रिश्वत स्वीकारते किया गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान सब-रजिस्ट्रार नंद किशोर मीणा और निजी व्यक्ति सुभाष गांधी को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई ने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में एजेंसी की कार्रवाई लगातार जारी है और भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सीबीआई ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी हो तो इसकी सूचना तत्काल सीबीआई को दें।

Share This Article
Leave a Comment