कोरिया में बैठे-बैठे भतीजे ने गोरखपुर में करा दी चाची की हत्या, हत्‍यारों तक ऐसे पहुंची पुल‍िस

Rohit Kumar
2 Min Read

चरित्र पर शक में कोरिया में बैठे भतीजे ने एनआरआई चाची की हत्‍या कराई थी. पुलिस ने 23 दिन बाद फिल्‍मी स्‍टाइल में अंजाम दी गई इस घटना का पदार्फाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, पुलिस को मुख्‍य आरोपी समेत अन्‍य की तलाश है. पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. दो आरोपी यूपी के बलिया जिले में एक दिसंबर को अवैध शस्‍त्र मामले में सरेंडर कर जेल जा चुके हैं. 22 नवंबर को तीन बाइक सवार बदमाशों ने महिला को उसके घर पर चढ़कर गोली मारकर हत्‍या कर दी थी.

गोरखपुर के पुलिस लाइन्‍स स्थि‍त व्‍हाइट हाउस सभागार में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने घटना का खुलासा किया. हत्‍यारोपियों ने महिला के घर की कॉलबेल दबाने के बाद उसे मिठाई का डिब्‍बा और फल पकड़ाए. उसके बाद उसके सिर में सटाकर तमंचे से गोली मारकर फरार हो गए. आरोपियों ने महिला की पहचान के लिए कोरिया में बैठे भतीजे को रेकी के बाद फुटेज भी भेजी थी. उन्‍होंने बताया कि 22 नवंबर की सुबह बड़हलगंज थानाक्षेत्र के बडहलगंज बाईपास गोरखपुर रोड सिधुआपार में महिला की बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्‍या कर दी थी. हत्‍यारोपी फिल्‍मी अंदाज में बाइक से आए और फल और मिठाई का डिब्‍बा पकड़ाकर उससे बात करने लगे.

एसएसपी ने दी ये जानकारी

एसएसपी ने बताया कि इसी दौरान बदमाशों ने उसे सिर में गोली मारकर हत्‍या कर दी. मृतका के पति दयानन्‍द यादव की तीन साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है. मृतका के चार बच्‍चे हैं. इस मामले में बड़हलगंज पुलिस ने आईपीसी की धारा 120 बी, 302, 307, 452, 506, 511, 34 के तहत मामला दर्ज किया था. वहीं, आरोपियों के पास से दो बाइक, लाइसेंसी रिवाल्‍वर, मोबाइल बरामद किया गया है. अपर मुख्‍य सचिव ने घटना का अनावरण करने वाली टीम को एक लाख रुपए का पुरस्‍कार देने की घोषणा की है.

Share This Article
Leave a Comment