मानवता की सारी हदें हुईं पार, कनाडा में भारतीय मूल के सिख व्यक्ति पर लगा अपने ही बच्चों की हत्या का आरोप

Rohit Kumar
2 Min Read

टोरंटो: भारतीय मूल के कनाडाई सिख पर मॉन्ट्रियल में अपने दो बच्चों की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। एक खबर के अनुसार कमलजीत अरोड़ा (45) पर 17 अक्टूबर को अपने घर में क्रमश: 11 और 13 साल के अपने बेटे और बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। ‘सीटीवी’ की खबर के अनुसार उस पर मंगलवार को हत्या के दो आरोप लगाए गए।

खबर के अनुसार अरोड़ा पर घरेलू हिंसा का भी मामला था, जिसमें उस पर अपनी पत्नी रमा रानी अरोड़ा का कथित तौर पर गला घोंट कर शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया था। पड़ोसी एनी चार्पेंटियर के अनुसार, अरोड़ा की सबसे बड़ी बेटी ने सबसे पहले अधिकारियों को इस भयावह घटना के बारे में सूचित किया। चार्पेंटियर ने बताया कि जब वह काम से लौटी तो बड़ी लड़की बदहवास हालत में उनके घर आई और कहने लगी, ‘मुझे फोन चाहिए, मुझे फोन चाहिए।

पुलिस जब घर पहुंची तो वहां लड़का और लड़की गंभीर हालत में मिले। बच्चों को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। खबर के अनुसार उनके पिता को भी पुलिस हिरासत में गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया । हालांकि उसकी हालत अब स्थिर है।

Share This Article
Leave a Comment