गले पर संदिग्ध निशान देख पुजारी ने दी सूचना, पुलिस ने रुकवाया दाह संस्कार

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मंडोली श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान एक युवक की मौत संदिग्ध प्रतीत हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चिता पर रखे शव को रुकवाया और कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार, अंतिम संस्कार की रस्में निभाई जा रही थीं। इसी दौरान कर्मकांड करा रहे पुजारी की नजर मृतक के गले पर पड़े गहरे निशानों पर पड़ी। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। शुरुआत में परिवार ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया, लेकिन पूछताछ में अलग तथ्य सामने आए।

जांच के दौरान पता चला कि 28 वर्षीय युवक की मौत कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। घटना उसके ससुराल में हुई बताई जा रही है, जहां वह एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गया था। किसी बात को लेकर तनाव के बाद उसने यह कदम उठाया

मामले में संदेह होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस सभी संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि अंतिम संस्कार की जल्दबाजी किन परिस्थितियों में की जा रही थी।

Share This Article
Leave a Comment