RPF ने पुरानी दिल्ली स्टेशन से 1 करोड़ कैश पकड़ा, हवाला नेटवर्क की आशंका

Amit
2 Min Read

RPF ने रकम आयकर विभाग को सौंपा

दिल्ली। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास गश्त कर रही रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा जिसके बैग से करीब एक करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि रकम हवाला चैनल के जरिए ट्रांसफर की जा रही थी। RPF ने आरोपी और बरामद रकम को आयकर विभाग के हवाले कर दिया है।

गुजरात के रहने वाले आरोपी से कड़ी पूछताछ
ऑपरेशन की कमान RPF इंस्पेक्टर निलेश कुमार के पास थी। टीम ने स्टेशन के बाहर संदिग्ध हरकत कर रहे व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर बैग से भारी मात्रा में नगदी मिली लेकिन आरोपी रकम के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सका। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह मूल रूप से गुजरात का रहने वाला है।

आयकर विभाग करेगा सोर्स और डेस्टिनेशन की जांच
आयकर की टीम ने मौके पर पहुंचकर कैश और डॉक्यूमेंट कब्जे में ले लिए। आयकर अधिकारियों का कहना है कि अब रकम के स्रोत और गंतव्य की जांच की जाएगी। शुरुआती सूत्रों के अनुसार इस पैसे को दिल्ली से दूसरे राज्यों में भेजा जाना था।

स्टेशनों पर बढ़ाई गई निगरानी
RPF ने कहा है कि यह मामला किसी बड़े हवाला नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, इसलिए रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और निगरानी और बढ़ा दी गई है। टीमों को प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में विशेष चौकसी के निर्देश दिए गए हैं।
आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment