Pithoragarh में हुए हादसे में लापता लोगों का रेस्क्यू जारी, पहाड़ दरकने से मलबे में दफन हुई 7 जिंदगियां

Rohit Kumar
2 Min Read

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां पिथौरागढ़ जिले में रविवार को एक कार के भूस्खलन की चपेट में आने से उसमें सवार सात से अधिक लोगों की मौत हो जाने की आशंका है। धारचूला के उप जिलाधिकारी दिवेश शास्त्री ने बताया कि यह दुर्घटना धारचूला उपमंडल में कैलाश मानसरोवर मार्ग पर थाक्ती में दोपहर करीब दो बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार, कार बूंदी से आ रही थी तभी थाक्ती में पहाड़ी से अचानक भूस्खलन का मलबा उस पर आ गिरा। इस दुर्घटना में सात लोगों के दबकर मरने की आशंका है।

इस मामले की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि हादसे के वक्त कार में सात से अधिक लोग सवार थे । उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ के जवान और सैन्यकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव और राहत अभियान शुरू किया है। एसडीआरएफ द्वारा चलाया गया राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है। अभी तक दबने वालों की मौत की पुष्टि नहीं हो पाई है।

पिथौरागढ़ में हुए हादसे के अलावा उत्तराखंड में एक और हादसा सामने आया है। यहां हरियाणा हिसार से नैनीताल घूमने आये पर्यटकों का वाहन खाई में गिरने से लगभग 36 पर्यटक घायल हो गये हैं। राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) एवं पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।

नैनीताल के वरष्ठि पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा के अनुसार हरियाणा से नैनीताल घूमने आये पर्यटकों का वाहन वापस लौटते वक़्त शाम को नैनीताल-कालाढ़ूंगी रोड पर नलिनी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। वाहन में 32 लोग सवार थे। नैनीताल में हुए हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, मल्लीताल और कालाढूंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 18 घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। खबर लिखे जाने तक मौके पर राहत और बचाव कार्य झारी था। अभी तक इस दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Share This Article
Leave a Comment