कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह का प्रियंका वाड्रा पर तंज, कहा- अब उनके पास राजनीति के लिए मुद्दे नहीं बचे

Rohit Kumar
3 Min Read

रायबरेली से कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह (MLA Aditi Singh) ने अपनी ही पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी पर बड़ा हमला बोला है. अदिति सिंह ने कहा कि जब कृषि कानून लाए गए थे तब भी उनको परेशानी थी. अब जब कृषि कानूनों को रद्द किया गया तो भी उन्हें तकलीफ हो रही है. कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी सिर्फ मामले का राजनीतिकरण कर रही हैं. उन्होंने यहां तक कह दिया कि प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के पास सियासत करने के लिए अब मुद्दे खत्म हो गए हैं. इसीलिए वह किसानों के मुद्दों पर राजनीति कर रही हैं.

कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी ने लखीमपुर खीरी समेत दूसरे मुद्दों का हमेशा ही राजनीतिकरण (UP Politics)  किया है. उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना की जांच चल रही है. सुप्रीम कोर्ट इस पर सज्ञान ले रहा है . लेकिन फिर भी वह सवाल उठा रही हैं. उन्होंने कहा कि अगर प्रियंका गांधी को संस्थाओं पर भरोसा नहीं है तो वह भरोसा करती किस पर हैं. अदिति सिंह (Aditi Singh on Priyanka Gandhi) ने कहा कि कांग्रेस महासचिव को न्यायिक जांच पर भरोसा होना चाहिए

‘पंजाब में क्यों नहीं किया महिला आरक्षण का ऐलान’

कांग्रेस विधायक ने प्रियंका गांधी के महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण देने के ऐलान का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने सवाल किया कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है वहां पार्टी ने आरक्षण देने का ऐलान क्यों नहीं करती. इसके साथ ही उन्होंने प्रियंका के इस ऐलान को लॉलीपॉप बताया. अदिति सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी जनता को सिर्फ लॉलीपॉप बांट रही हैं. कांग्रेस विधायक ने सवाल उठाया कि जब प्रियंका की मां खुद पार्टी की अध्यक्ष हैं तो फिर वह दूसरे राज्यों में बातचीत किए जाने की बहानेबाजी क्यों कर रही हैं.

प्रियंका गांधी पर अदितिं सिंह का आरोप

अदिति सिंह ने कहा कि कांग्रेस का यूपी में कोई आधार नहीं है. पार्टी का जनाधार तो यहां पर छोटे दलों से भी नीचे है. यही वजह है कि प्रियंका यहां की जनता को लॉलीपॉप बांट रही हैं. प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ वाले नारे पर अदिति सिंह ने कहा कि पहले उन्हें अपने निजी सचिव संदीप सिंह पर अपना पक्ष मजबूत करना चाहिए. दरअसल संदीप सिंह पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ है. इसी को लेकर अदिति सिंह ने प्रियंका गांधी पर तंज कसा है.

Share This Article
Leave a Comment