गाजियाबाद में बारिश बनी आफत, जलभराव में छिपे गड्ढे में फंसा ऑटो और पलट गया

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज बरसात के कारण दिल्ली से सटे गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में जगह-जगह भारी जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

इसी बीच, गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से एक चिंताजनक और दुर्घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़कों की जर्जर हालत और प्रशासन की लापरवाही साफ नजर आ रही है। लोनी में एक जलभराव वाली सड़क से गुजर रहा ऑटो चालक पानी के नीचे छिपा गहरा गड्ढा नहीं देख पाया।

जैसे ही ऑटो गड्ढे के संपर्क में आया, उसका संतुलन बिगड़ गया और ऑटो पानी से भरी सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए चालक और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

यह घटना जलभराव के साथ-साथ लोनी की खस्ताहाल सड़कों की बदहाली को भी उजागर करती है। हर साल मानसून में जलभराव और गड्ढों के कारण ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और वे सड़कों की मरम्मत व जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment