अपने सीनियर और 3 यात्रियों की हत्या करने वाले आरपीएफ कांस्टेबल को रेलवे ने सेवा से बर्खास्त किया

Rohit Kumar
2 Min Read

चलती ट्रेन में अपने वरिष्ठ अधिकारी और तीन यात्रियों की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कांस्टेबल चेतन स‍िंह चौधरी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि RPF के वरिष्ठ मंडलीय सुरक्षा आयुक्त ने चौधरी को बर्खास्त करने का आदेश सोमवार को जारी किया। उन्होंने बताया कि चौधरी पहले कम से कम तीन अनुशासन संबंधी घटनाओं में शामिल रहा था।

चौधरी 31 जुलाई को तड़के मुंबई के बाहरी इलाके में पालघर स्टेशन के निकट जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अपने वरिष्ठ अधिकारी टीकाराम मीणा और तीन यात्रियों की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी है। तीन यात्री अब्दुल कादर मोहम्मद हुसैन भानपुरावाला, सैयद सैफुद्दीन और असगर अब्बास शेख ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में यात्रा कर रहे थे। बाद में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था।

दिल दहला देने वाले इस अपराध के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जीआरपी के मुताबिक चौधरी ने सबसे पहले अपने स्वचालित सर्विस हथियार से B5 बोगी में RPF के सहायक उप-निरीक्षक मीणा और एक यात्री की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद उसने ट्रेन की ‘पेंट्री कार’ में एक यात्री तथा S6 बोगी में एक और यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि चौधरी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

Share This Article
Leave a Comment