दिल्ली- दिल्ली के कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को अदालत में पेश किया, जहां से उसे सात दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी से कई अहम जानकारियां मिली हैं और मामले से जुड़े साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर बदला और लूट की मंशा से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी और पीड़िता के मोबाइल फोन बरामद कर जांच तेज कर दी है। वारदात के सभी चश्मदीदों के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से अपराध को अंजाम दिया और बाद में घर से नकदी व जेवर लेकर फरार हो गया।
इस जघन्य वारदात के बाद दिल्ली पुलिस ने 15 टीमों का गठन कर आरोपी को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व घरेलू सहायक था और नौकरी से निकाले जाने के बाद रंजिश के चलते उसने घटना को अंजाम दिया। अब फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर केस को और मजबूत किया जा रहा है।

