ठेकेदार की गोली मारकर की हत्या, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

Amit
2 Min Read

मधेपुरा। पुरैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कड़ामा पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार अपराधियों एक रोड कंस्ट्रक्शन ठेकेदार की गोली मार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के लश्करी वार्ड नौ निवासी जनेश्वरी राय के बेटे पवन कुमार राय (44) के रूप में हुई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना की जानकारी मिलते हैं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक ठेकेदार पवन कुमार खावन दियारा में रोड कंस्ट्रक्शन का काम करवा रहे थे। बुधवार की रात करीब 10 बजे रोड का कालीकरण करवा कर पवन कुमार राय अपने परिवार के ही चार लोगों के साथ वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरैनी थाना क्षेत्र के कड़ामा पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए दो बाइक सवार छह अपराधियों ने कार को ओवरटेक कर रुकवा लिया। कार रुकते ही बाइक सवार अपराधियों ने बीच में बैठे ठेकेदार पवन कुमार राय को गाड़ी से उतारकर गोलियों से भून डाला। पवन की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अपराधी फरार हो गए।

वारदात के बाद मृत पवन कुमार राय के भतीजे पुष्पम कुमार ने बताया कि अपराधियों ने पवन कुमार राय को लगभग 15 गोलियां मारी। बदमाशों के जाने के बाद उनलोगों ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पुरैनी थाने की पुलिस पहुंची और घटना की जांच पड़ताल में जुट गई। बताया जा रहा है कि ठेकेदारी के विवाद में पवन कुमार राय को गोली मारी गई है। हालांकि परिजन अभी इस संबंध में कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। घटना स्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। पुरैनी थाने की पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

Share This Article
Leave a Comment