कंझावला में किशोर की चाकू गोदकर हत्या , तीन नाबालिग गिरफ्तार

Amit
3 Min Read

दिल्ली- रोहिणी जिले के कंझावला क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए झगड़े ने एक किशोर की जान ले ली। जेजे कॉलोनी के पास खेतों की ओर मौजूद 15 वर्षीय अनिकेत पर तीन नाबालिग लड़कों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तुरंत सावित्री अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस व क्राइम टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत इकट्ठे किए। प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।

कुछ ही घंटों में तीनों आरोपी पकड़े गए

मामले में तेजी दिखाते हुए पुलिस ने शाम तक तीनों संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि अनिकेत और आरोपियों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनातनी चल रही थी।

आरोपियों ने यह भी दावा किया कि अनिकेत आए दिन उन्हें धमकाता और मारपीट करता था, जिससे उनके बीच विवाद गहराया।

झगड़े के बाद हमला कर मौके से भागे आरोपी

बताया जा रहा है कि जेजे कॉलोनी के पास खेतों की ओर तीनों आरोपियों ने अनिकेत को रोककर बहस शुरू की। उसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर अनिकेत पर प्रहार कर दिया। वारदात के बाद तीनों फरार हो गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किसी और की भूमिका इसमें सामने आती है या नहीं। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर

डीसीपी रोहिणी राजीव रंजन के अनुसार, अनिकेत अपने परिवार के साथ सावदा जेजे कॉलोनी में रहता था। परिवार में माता-पिता, एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन है। पिता मजदूरी करते हैं। अनिकेत आठवीं कक्षा में फेल होने के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था और बुधवार को किसी काम से घर से निकला था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment