
नई दिल्ली: गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत हो गई. मामला गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के मोहन नगर इलाके का है. शुक्रवार शाम प्लॉट पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था. जिसमें दूसरे पक्ष के मेडिकल कारोबार से जुड़े युवक के लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने की बात सामने आई है. गोली हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता आयुष वाल्मीकि को लगी. इसके बाद आयुष को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे अमृत घोषित कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल साहनी की पिस्टल से गोली चली और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता आयुष वाल्मीकि को लगी. घटना के बाद हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने राहुल साहनी की टी की जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहुल को भीड़ से छुड़ाया और गिरफ्तार किया. फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.
सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को लगभग 3:30 बजे थाना साहिबाबाद क्षेत्र में मोहननगर चौकी क्षेत्र से लड़ाई-झगड़ा और गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई थी. पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर जाकर इसकी जांच की गई तो पता चला कि भूपेंद्र चौधरी और नमिता शर्मा दोनों के ही एक ही जगह पर प्लॉट हैं, जिनमें एक विवाद चला आ रहा है. उसी विवाद के क्रम में आज दोनों ही पक्ष आमने-सामने थे, लड़ाई-झगड़ा हुआ और गोली चली.
अमित सक्सेना के मुताबिक, गोली लगने से आयुष पुत्र संजय कॉलोनी, गोकलपुरी, दिल्ली का रहने वाला है, घायल हो गया. इसको उपचार हेतु नरेंद्र मोहन हॉस्पिटल भेजा गया था, जहां इसको मृत घोषित किया गया. मृतक का पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है. प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियुक्त पंजीकृत किया जा चुका है. जो तहरीर में जो चार लोग नामजद हैं, चारों को ही पुलिस अभिरक्षा में लिया जा चुका है. मौके पर शांति-व्यवस्था कायम है. प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
