तमिलनाडु की सांसद से चेन छीनने वाला कुख्यात झपटमार गिरफ्तार, चेन बरामद

Amit
3 Min Read

नई दिल्ली – दक्षिण जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा (AATS) ने बुधवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चाणक्यपुरी स्थित तमिलनाडु भवन के पास तमिलनाडु की सांसद आर. सुधा से चेन छीनने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहन रावत उर्फ सोनू उर्फ बुग्गू के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड के पौड़ी जिले के बंदरकोट गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सांसद की सोने की चेन बरामद कर ली है।

कैसे हुआ अपराध

बीते सोमवार की सुबह सांसद आर. सुधा जब तमिलनाडु भवन के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं, तभी स्कूटी सवार आरोपी ने पीछे से आकर उनकी सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। इस दौरान सांसद को मामूली चोटें भी आईं।

CCTV से मिली सुराग

जांच टीम ने इलाके और रिंग रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पता चला कि आरोपी वारदात के बाद सफदरजंग अस्पताल से होते हुए आश्रम चौक, मोदी फ्लाईओवर होकर गोविंदपुरी की ओर गया था। इसी जानकारी के आधार पर टीम ने उसे पुष्पा भवन के पास बीआरटी कॉरिडोर (पूर्व) से गिरफ्तार कर लिया।

पुराना अपराधी निकला आरोपी

दक्षिण जिला के पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि आरोपी सोहन रावत पहले से 26 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है, जिनमें से अधिकतर चोरी और झपटमारी से जुड़े हैं। वह इस साल अप्रैल में अंबेडकर नगर में वाहन चोरी के एक मामले में गिरफ्तार हुआ था और 27 जून को जमानत पर रिहा हुआ था।

बरामद हुई चोरी की स्कूटी और मोबाइल

पुलिस ने बताया कि आरोपी को अपराध करते समय पहनी गई पोशाक में ही गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से:

  • झपटी गई सोने की चेन

  • चोरी की स्कूटी (पुल प्रहलादपुर क्षेत्र से)

  • चार चोरी के मोबाइल फोन (निजामुद्दीन क्षेत्र से)
    बरामद किए गए हैं।

पुलिस की सतर्कता से मिली कामयाबी

पुलिस की तत्परता और तकनीकी निगरानी की बदौलत आरोपी को कुछ ही दिनों में गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment