
नोएडा: सेक्टर-110 मैटरनिटी चाइल्ड अस्पताल (एमसीएच विंग) से तीन दिन पहले जन्मी नवजात शुक्रवार सुबह चोरी हो गई। जैसे ही खबर फेज टू थाना पुलिस को लगी, उसने तत्परता दिखाते हुए दस घंटे बाद दिल्ली से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। नवजात को ले जाने वाली महिला का कहना है कि वह बच्ची को रुपये देकर लाई है। वहीं बच्ची के परिजनों का कहना है कि ऐसी कोई बात नहीं है।
महिला सीसीटीवी कैमरे में हुई थी कैद
महिला बच्ची को बाइक पर ले जाती हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। परिजन के मुताबिक महिला एक दिन पहले रेकी करने आई थी, दंपती का मोबाइल नंबर लिया और चली गई। शुक्रवार को कॉल पर बात करने के बाद महिला दोबारा अस्पताल आई और परिजन को चकमा देकर बच्ची लेकर रफूचक्कर हो गई।
जानिए पिता ने क्या बताया
फर्रुखाबाद निवासी गौतम चंदन ने बताया कि वह नोएडा सेक्टर 32 में रहते हैं। छह अक्टूबर को गौतम ने पत्नी को सेक्टर-110 एमसीएच विंग में भर्ती कराया था। उसी दिन ऑपरेशन से लड़की हुई। गुरुवार शाम को एक महिला पत्नी से मिलने आई। उसने पहली बेटी पर सरकार से चार हजार रुपये मिलने की बात कही।
मौका देखकर बच्ची को चुरा लिया
पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की तैयारी चल रही थी। तभी महिला सुबह छह बजे के करीब कॉल की और बच्ची का हालचाल जाना। कुछ देर बाद वह अस्पताल पहुंच गई। उधर, करीब आठ बजे दंपती कागजी कार्रवाई के लिए डॉक्टर के पास गए हुए थे। इस दौरान महिला आई और बच्ची को लेकर मौके से फरार हो गई।
