ग्रेटर नोएडा में पड़ोसी की हत्या: साथ बैठकर पी शराब, फिर गला दबाया; लखनावली में फेंका शव; ऐसे खुला राज

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र निवासी युवक को घर से बुला कर ले गए दोस्त ने शराब पीने के बाद हुए विवाद में गला घोंटकर हत्या कर शव लखनावली स्थित जंगल में फेंक दिया। पीड़ित स्वजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया आरोपित से पूछताछ के बाद ही हत्या करने का कारण पता चलेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने व जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने शुरू की तलाश

बताया जा रहा है कि मूलरूप से अलीगढ़ जिले के दारों थाना अंतर्गत मस्तीपुर निवासी पवन शर्मा (40) वर्तमान में कुलेसरा में किराए पर रहता था। पीड़ित स्वजन के मुताबिक, पड़ोसी ललित शर्मा बुधवार शाम घर से पवन शर्मा को बुला कर ले गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परेशान स्वजन ने तलाश शुरू की, लेकिन पवन नहीं मिला।

आरोपित से की गई पूछताछ

स्वजन ने अनहोनी की आशंका जताते हुए कोतवाली पहुंच कर पूरी घटना बता गुमशुदगी दर्ज कराई। सूत्रों का कहना है कि संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपित ललित को हिरासत में लेकर पूछताछ की।सामने आया कि बैठकर शराब पीने के बाद नशे में किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।

इस बीच आक्रोशित ललित ने पवन का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव ठिकाने लगाने के लिए सूरजपुर क्षेत्र के लखनावली के पास फेंक दिया। पुलिस ने शव बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

Share This Article
Leave a Comment