करावल नगर में रिश्तों का कत्ल: संपत्ति विवाद में चाचा ने भतीजे को चाकू से गोदा, बचाने आए छोटे भाई पर भी हमला

News Desk
2 Min Read

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के करावल नगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। बुधवार रात किसी बात को लेकर हुए विवाद में एक चाचा ने अपने 35 वर्षीय भतीजे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। भाई को बचाने पहुंचे छोटे भाई पर भी जानलेवा हमला किया गया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल भतीजे को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हिमांशु भारद्वाज उर्फ जीत शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आशंका है संपत्ति विवाद में वारदात को अंजाम दिया है।

हिमांशु अपने परिवार के साथ करावल नगर में रहते थे। परिवार में उसके दो भाई और एक बहन हैं। उसकी करीब पांच साल की बेटी भी है।

छोटे भाई पर भी किया हमला

परिवार ने बताया कि हिमांशु का बुधवार रात अपने चाचा से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर चाचा ने चाकू निकालकर हिमांशु पर कई वार कर दिए। इस दौरान हिमांशु को बचाने के लिए उसका छोटा भाई आगे आया तो उस पर भी हमला कर दिया गया।

टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए

वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी।

Share This Article
Leave a Comment