ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में शनिवार सुबह 13वीं मंजिल से कूदकर मां और बेटे ने जान दे दी। हादसे में 37 वर्षीय साक्षी चावला और उनके 11 वर्षीय बेटे दक्ष की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर लोग बालकनी से बाहर झांके तो नीचे मां-बेटे का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सॉरी हम तुम्हे और परेशान नहीं करना चाहते
जांच के दौरान पुलिस को फ्लैट से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें साक्षी ने अपने पति दर्पण चावला को संबोधित करते हुए लिखा –
“हम दुनिया छोड़ रहे हैं, सॉरी… हम तुम्हें अब और परेशान नहीं करना चाहते। हमारी वजह से तुम्हारी जिंदगी खराब न हो। हमारी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है।” इस नोट के आधार पर पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
मानसिक रूप से बीमार था बच्चा
परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि मृतक बच्चा दक्ष लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार था। उसका कई डॉक्टरों से इलाज चल रहा था, लेकिन सुधार नहीं हो पा रहा था। बच्चा स्कूल नहीं जाता था और लगातार दवाइयों पर निर्भर था। इसी वजह से मां साक्षी काफी समय से गहरे तनाव में थीं। पड़ोसी बताते हैं कि वह कई बार कह चुकी थीं कि उनकी जिंदगी बेहद कठिन हो गई है।
घटना के वक्त पति दूसरे कमरे में थे
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन सुबह साढ़े 9 बजे पति दर्पण चावला ने पत्नी से बेटे को दवा देने को कहा। साक्षी ने बेटे को दवा दी और उसे बालकनी में लेकर गईं। थोड़ी देर बाद अचानक दोनों 13वीं मंजिल से नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया।
पुलिस की जांच जारी
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि सुसाइड नोट बरामद हुआ है और हैंडराइटिंग सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने सोसाइटी निवासियों और परिजनों से पूछताछ भी शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं।
परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला
जानकारी के अनुसार, मृतका साक्षी चावला गृहिणी थीं जबकि पति दर्पण चावला पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के गढ़ी नेगी गांव का रहने वाला है और कुछ सालों से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में रह रहा था। घटना के बाद सोसाइटी में शोक और सन्नाटा पसरा है।
