पैसों का विवाद गोली में जाकर रुका, हमलावर फरार, तलाश जारी

Amit
2 Min Read

गाजियाबाद।  उत्तरप्रदेश जिले के लोनी में एक युवक को रुपयों के लेनदेन को लेकर गोली मार दी गई। बाइक पर सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही मारी गोली 

लोनी की संगम विहार कॉलोनी निवासी राजेश कश्यप रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे अपनी नौकरी पर जाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह बंथला पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। राजेश के मुताबिक, उनमें से एक युवक ने अचानक गोली चला दी, जो उनके दाहिने पैर में लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर गए और हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद वहां मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

पैसो के लेनदेन का है मामला 

पीड़ित के पिता राजपाल ने कॉलोनी के ही एक युवक पर शक जताते हुए बताया कि घटना पैसों के लेनदेन से जुड़ी है। उनका आरोप है कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर राजेश को जान से मारने की कोशिश की। घायल राजेश को तुरंत नाईपुरा स्थित संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल (दिल्ली) रेफर कर दिया गया है।

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment